{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में सपा पार्षद पर विधवा महिला को प्रताड़ित करने का आरोप, पुलिस ने किया गिरफ्तार
 

 

वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र के मध्यमेश्वर वार्ड से समाजवादी पार्टी (सपा) के पार्षद भैया लाल यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक विधवा महिला की शिकायत पर पुलिस ने पार्षद के खिलाफ मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी पार्षद को जेल भेज दिया।

‘बात नहीं करोगी तो दे दूंगा जान’ का आरोप

पीड़िता ने चेतगंज पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पार्षद भैया लाल यादव उन्हें अक्सर फोन करते थे और बातचीत करने का दबाव बनाते थे। महिला का कहना है कि जब वह उनसे बात करने से इनकार करती थीं, तो पार्षद कथित तौर पर कहते थे कि “अगर तुम मुझसे बात नहीं करोगी तो मैं अपनी जान दे दूंगा।”

पीड़िता के मुताबिक, लगातार फोन और मानसिक दबाव से परेशान होकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।

आर्थिक मदद के बाद शुरू हुआ आना-जाना

महिला ने पुलिस को बताया कि करीब आठ वर्ष पहले उनके पिता की तबीयत काफी खराब थी। उस दौरान परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा था। आरोप है कि पार्षद ने उस समय परिवार की आर्थिक मदद की थी। इसके बाद उनका महिला के घर आना-जाना शुरू हो गया।

महिला के अनुसार, शुरुआत में उन्हें पार्षद के व्यवहार पर किसी तरह का संदेह नहीं हुआ, लेकिन समय के साथ उनका रवैया बदल गया। आरोप है कि इसके बाद पार्षद महिला पर लगातार बातचीत और जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने लगे।

BNS की धारा 78(2) में केस दर्ज

चेतगंज थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने आरोपी पार्षद को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।