वाराणसी में अधिवक्ता पर फायरिंग मामले में सपा नेता गिरधारी पटेल समेत 3 आरोपी गए जेल
वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार यादव पर फायरिंग मामले में सपा नेता गिरधारी सिंह पटेल समेत तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से 5.30 लाख रुपये कीमत की विदेशी बेल्जियम पिस्टल बरामद की है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के सीरगोवर्धनपुर में रास्ते के विवाद को लेकर हुए फायरिंग मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गिरधारी सिंह पटेल समेत तीन लोगों को जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने मौके से एक महंगी विदेशी पिस्टल भी बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 5.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
रास्ते के विवाद में बढ़ा मामला
पुलिस के अनुसार, सीरगोवर्धनपुर स्थित काशीपुर कॉलोनी में रास्ता बंद करने को लेकर अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार यादव और मिर्जापुर के नारायणपुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि एवं सपा नेता गिरधारी सिंह पटेल के बीच विवाद हो गया था।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गिरधारी सिंह पटेल अपने साथियों अनुराग सिंह और आनंद कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद गाली-गलौज हुई और फिर अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार यादव पर फायरिंग कर दी गई।
पुलिस ने मौके से बरामद की विदेशी पिस्टल
घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मौके से एक बेल्जियम निर्मित विदेशी पिस्टल बरामद की है। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरधारी सिंह पटेल के नाम मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से रिवॉल्वर का लाइसेंस जारी है, लेकिन मौके से बरामद पिस्टल का कोई वैध लाइसेंस आरोपी नहीं दिखा सका। पुलिस जांच में पता चला है कि यह विदेशी पिस्टल बलरामपुर से खरीदी गई थी। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5.30 लाख रुपये बताई जा रही है।
तीन आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने मुख्य आरोपी गिरधारी सिंह पटेल, अनुराग सिंह और आनंद कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।