{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में BHU सिंहद्वार पर सपा का प्रदर्शन, पुलिस से नोकझोंक, कार्यकर्ता लिए गए हिरासत में

 

वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बीएचयू सिंहद्वार (मुख्य गेट) के सामने एकत्र हुए और सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान सरकार विरोधी नारेबाजी की गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क खाली करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब कार्यकर्ता नहीं माने तो दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को उठाकर हिरासत में लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा कुछ कार्यकर्ताओं को टांगकर ले जाने की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए।

बताया जा रहा है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सपा कार्यकर्ता बीएचयू सिंहद्वार पहुंचे थे। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण लंका क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान बीएचयू के कुछ छात्र भी मौके पर पहुंच गए। छात्रों की मौजूदगी को देखते हुए विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम भी सक्रिय हो गई। टीम ने छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोकते हुए उन्हें विश्वविद्यालय परिसर के अंदर भेज दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, हालांकि पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। पूरे घटनाक्रम के दौरान प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए रहा।