{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सपा महिला जिलाध्यक्ष के घर घुसकर हमला, CCTV वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
 

 

चंदौली I चंदौली जिले की राजनीति में उस समय सनसनी फैल गई जब समाजवादी पार्टी की महिला जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के घर में घुसकर उनके साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग महिला नेता के साथ बेरहमी से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान करीब पांच लोग अचानक गार्गी सिंह पटेल के घर में घुस आए। आरोप है कि दो युवक और दो महिलाओं ने महिला जिलाध्यक्ष के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से जमकर पीटा। इतना ही नहीं, कमरे में रखी टेबल उठाकर भी हमला किया गया। हमले के दौरान घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावर काफी आक्रामक थे और लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। गार्गी सिंह पटेल खुद को बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन आरोपियों ने उन्हें संभलने तक का मौका नहीं दिया। घटना के बाद वह काफी सदमे में बताई जा रही हैं।

मारपीट की पूरी वारदात घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग मिलकर एक महिला पर हमला कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है और सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला किसी कारोबारी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने इस घटना को कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया।

वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की शिकायत मिल चुकी है। अधिकारियों के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वायरल CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया गया है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए हैं। अब सभी की नजर पुलिस कार्रवाई पर टिकी हुई है कि आरोपियों पर कब तक शिकंजा कसता है।