वाराणसी में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू, डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
Varanasi : जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से बुधवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, दुर्गाकुंड परिसर से पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने जन-जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसहभागिता, स्वच्छता और जागरूकता के माध्यम से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू होकर दुर्गाकुंड, लंका और बीएचयू होते हुए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुर्गाकुंड पहुंची। इसमें नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लेकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
जुलाई भर चलेगा विशेष अभियान
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बीमारियों का उपचार करना नहीं, बल्कि जन-जागरूकता के माध्यम से उनकी रोकथाम सुनिश्चित करना है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल के उपयोग, जलभराव रोकने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, एईएस और जापानी इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारियों पर नियंत्रण के लिए समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है।
घर-घर जाकर होगी मरीजों की पहचान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि जुलाई माह के दौरान विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, एंटी-लार्वा गतिविधियां, फॉगिंग और व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बुखार, टीबी, कुपोषण और अन्य संचारी रोगों के संभावित मरीजों की पहचान करेंगी तथा आवश्यक जांच और उपचार सुनिश्चित करेंगी।
डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. निकुंज वर्मा, डॉ. सौरभ सिंह और डॉ. अजय सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी सेवाएं सदैव सम्मान की पात्र हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं के विकास पर जताया आभार
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, चिकित्सा संस्थानों के विकास और जनहित में किए गए कार्यों के लिए विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. शिशिर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. शरद चंद पाण्डेय, मलेरिया अधिकारी सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।