नारी वंदन सम्मेलन में खास सौगात: PM मोदी को संसद भवन का काष्ठ मॉडल के साथ 6 GI टैग वाले खास उपहार
वाराणसी में नारी वंदन सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी को पहली बार एक साथ 6 GI टैग हस्तशिल्प उत्पाद भेंट किए गए। काशी की महिलाओं ने काष्ठ कला, जरदोजी, पेपर मैशे और स्टोन क्राफ्ट की अनूठी कृतियां प्रस्तुत कर शहर की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया।
वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वाराणसी दौरे के पहले दिन आयोजित नारी वंदन सम्मेलन में एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब मातृशक्ति ने काशी की समृद्ध विरासत को अनोखे अंदाज में प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। मंच पर पहली बार ऐसा हुआ जब प्रधानमंत्री को एक साथ छह जीआई टैग प्राप्त हस्तशिल्प उत्पाद भेंट किए गए। यह न केवल सम्मान का प्रतीक रहा, बल्कि काशी के कारीगरों की कला का भी भव्य प्रदर्शन बना।
काष्ठ कला में सजा ‘नया संसद भवन’ का अनोखा मॉडल
डॉ. रजनीकांत के अनुसार, इस अवसर पर काष्ठ कला के माध्यम से भारत के नए संसद भवन के लोकसभा कक्ष का सूक्ष्म मॉडल तैयार किया गया। इस विशेष कलाकृति को बनारस के तीसरी पीढ़ी के युवा शिल्पी राजकुमार ने अपने सहयोगियों संजय प्रजापति और सनोज पेंटर के साथ मात्र एक सप्ताह में तैयार किया। 24 इंच आकार के इस मॉडल को जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने प्रधानमंत्री को भेंट किया, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बना।
‘मोर के भीतर मोर’ से लेकर पंचमुखी गणेश तक खास सौगातें
रामनगर के स्टेट अवॉर्डी शिल्पी बच्चा लाल मौर्य द्वारा तैयार सॉफ्ट स्टोन जाली क्राफ्ट का अद्भुत नमूना “मोर के भीतर मोर” मोहिनी झंवर ने प्रधानमंत्री को भेंट किया। इसके अलावा काष्ठ कला से निर्मित पंचमुखी गणेश प्रतिमा डॉ. इंदू सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई। बनारसी जरदोजी कला से सुसज्जित नए संसद भवन की फ्रेमयुक्त कलाकृति भी महिलाओं द्वारा प्रधानमंत्री को भेंट की गई, जो पारंपरिक शिल्प और आधुनिकता का संगम दर्शाती है।
नमो घाट और मां दुर्गा का भव्य स्वरूप भी किया भेंट
साहित्यकार नीरजा माधव ने नमो घाट का प्रतीक चिह्न प्रधानमंत्री को सौंपा। वहीं पेपर मैशे क्राफ्ट से निर्मित मां दुर्गा का भव्य मुखौटा दूसरी पंक्ति की महिलाओं ने भेंट किया। इन सभी उपहारों ने काशी की विविध कलाओं और सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर जीवंत कर दिया।
मंच पर 14 ग्राम प्रधानों की विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में 14 महिला ग्राम प्रधानों ने प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा किया। इनमें सावित्री देवी, मनबसा देवी, अमरावती देवी, मीनू सिंह, रामा देवी, रीवा सोनकर, अर्चना देवी, पूजा देवी, रीतू देवी, शीला देवी, नीलम पाल, प्रेमलता मिश्रा, रेनू सिंह और सुचिता देवी शामिल रहीं। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, सदस्य स्वाति सिंह और क्षेत्र पंचायत प्रमुख रेनू पटेल भी मंच पर मौजूद रहीं।
नगर निगम की 22 महिला पार्षद भी रहीं मंच पर
बरेका स्थित कार्यक्रम में नगर निगम की 22 महिला पार्षदों ने भी प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा किया। इनमें संजू सरोज, लीला, मंजू देवी, इंद्रा रानी, मोनिका यादव, कुसुम, सुशीला, माधुरी सिंह, गीता सिंह, गिरिजा, गरिमा सिंह, कौशिल्या, उर्मिला, बेची, सीमा वर्मा, शांति देवी, शेषमणि, रीता देवी, सुशीला, अनीता, अंजनी और कनकलता मिश्रा शामिल रहीं।
डॉक्टर, सीए और लेखिकाओं की भी रही भागीदारी
मंच पर विभिन्न क्षेत्रों की प्रबुद्ध महिलाएं भी उपस्थित रहीं, जिनमें चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा से जुड़ी हस्तियां शामिल थीं। डॉक्टर इंदू सिंह और प्रो. मलिका तिवारी, साहित्यकार नीरजा माधव, लेखिका डॉ. नाहिर आबिदी, सीए यमुना शुक्ला, प्रधानाचार्य आनंद प्रभा और सामाजिक कार्यकर्ता मीना त्रिवेदी, मीना सिंह, मोहिनी झंवर व संगीता कपूर ने कार्यक्रम में सहभागिता की।