{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चोलापुर में रफ्तार का कहर: महिला को वाहन ने कुचला, रात भर शव पर से गुजरते रहे वाहन
 

 

वाराणसी I वाराणसी-आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोला गांव के समीप एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। यहां एक अज्ञात महिला की तेज रफ्तार वाहन ने कुचलकर मौत कर दी। हादसा देर रात हुआ, जिसके कारण अंधेरे में सड़क पर पड़े महिला के शव के ऊपर से कई अन्य वाहन गुजरते रहे। इससे मृतका का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

सुबह ग्रामीणों ने सड़क पर महिला का यह भयावह शव देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक ने महिला को चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गया। रात भर अंधेरा होने से अन्य वाहनों को शव दिखाई नहीं दिया, जिससे कई गाड़ियां उसके ऊपर से गुजर गईं।

सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान कराने की कोशिश कर रही है। साथ ही टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की तलाश में जुट गई है।

पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के खतरों को उजागर कर दिया है।