{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सख्ती: कमिश्नर बोले- कोई पात्र वोटर न छूटे

 

वाराणसी। निर्वाचन संबंधी तैयारियों को लेकर वाराणसी मंडल में गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंडलायुक्त एवं रोल प्रेषक एस. राजलिंगम ने जौनपुर जिले के जलालपुर स्थित बयालसी इंटर कॉलेज में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

बूथ स्तर पर हुई गहन जांच

समीक्षा के दौरान विधानसभा क्षेत्र 371 जफराबाद के अंतर्गत बूथ संख्या 293 और 294 का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रारूप-1 से लेकर प्रारूप-8 तक के दस्तावेजों की जांच की और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

मंडलायुक्त का सख्त निर्देश

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी पात्र नागरिकों का नाम समय से सूची में शामिल हो।

10 अप्रैल को होगा अनंतिम प्रकाशन

अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है। इसके पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरी गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मौके पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, ईआरओ जफराबाद अजय उपाध्याय, ईआरओ केराकत शैलेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और बीएलओ मौजूद रहे