{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ के छात्रों को मिलेगा अग्निवीर प्रशिक्षण, पढ़ाई के साथ सेना भर्ती की भी होगी तैयारी
 

 

वाराणसी I महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों को अब पढ़ाई के साथ-साथ अग्निवीर भर्ती की तैयारी और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कुलाधिपति एवं आनंदीबेन पटेल के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है।

इसके तहत छात्रों को शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा, चयन प्रक्रिया और सेना भर्ती से जुड़ी जरूरी जानकारियों के बारे में जागरूक किया जाएगा। सेना में जाकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं को अग्निवीर भर्ती से संबंधित हर छोटी-बड़ी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

दो दिन पहले लखनऊ स्थित राजभवन में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की शैक्षणिक प्रगति, विकास कार्यों और छात्र उपलब्धियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में भी छात्रों को अग्निवीर प्रशिक्षण देने के मुद्दे पर चर्चा हुई थी। बैठक में राज्यपाल ने कुलपतियों और कॉलेज प्राचार्यों से इस दिशा में पहल शुरू करने को कहा था।

बैठक के बाद ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। फिलहाल विश्वविद्यालय में एनसीसी कैडेट्स को अग्निवीर भर्ती से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाता है, लेकिन अब कुलाधिपति के निर्देश के बाद इस योजना से सभी विद्यार्थियों को जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने बताया कि छात्रों के लिए विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है, ताकि उन्हें अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी और उचित मार्गदर्शन मिल सके।