{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ में करियर को लेकर छात्रों को मिला मार्गदर्शन, एक्सपर्ट्स ने बताए सफलता के मंत्र

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विश्वविद्यालय सेवायोजन सूचना एवं मंत्रणा केंद्र के तत्वावधान में गुरुवार को डॉ.घनश्याम सिंह कॉलेज ऑफ एजुकेशन, गोसाईपुर मोहांव में एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को रोजगार, व्यक्तित्व विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. प्रार्थना मिश्रा ने विद्यार्थियों को विभिन्न रोजगार अवसरों, संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समय का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम प्रभारी मदनलाल ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के लिए सही कैरियर मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपने भविष्य को लेकर सही दिशा चुनने में मदद करते हैं।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार मिश्र ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को समय-समय पर करियर संबंधी मार्गदर्शन मिलना आवश्यक है, ताकि वे बदलते समय के अनुसार खुद को तैयार कर सकें।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंधक नागेश्वर सिंह, प्रशासक संजीव कुमार सिंह, संजय कुमार उपाध्याय, राजेंद्र पटेल, विशाल गुप्ता समेत अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।