{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ग्राहक बनकर पहुंची, फिर हजारों के कपड़े बैग में भरकर फरार, CCTV में कैद 3 महिला चोरों की करतूत

वाराणसी के लहुराबीर में खुद को व्यापार मंडल पदाधिकारी बताने वाली महिला पर दुकान से 10 हजार रुपये का सामान चोरी करने का आरोप लगा है। घटना CCTV में कैद हुई। पुलिस जांच में जुटी है। व्यापारियों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

वाराणसी: चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खुद को व्यापार मंडल की पदाधिकारी बताने वाली एक महिला पर दो अन्य महिलाओं के साथ मिलकर दुकान से हजारों रुपये का सामान चोरी करने का आरोप लगा है। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

यह घटना लहुराबीर स्थित गोरस बिल्डिंग में इंडियन बैंक के नीचे संचालित अमानते होजरी नामक दुकान पर हुई, जो लहुराबीर व्यापार मंडल के सदस्य सुदीप सिंह की है।

ग्राहक बनकर आईं, मौका मिलते ही लेकर फरार

दुकानदार सुदीप सिंह के अनुसार, तीन महिलाएं ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर पहुंचीं और कपड़े देखने लगीं। इसी दौरान मौका पाकर वे करीब 10 हजार रुपये का सामान लेकर फरार हो गईं। घटना की जानकारी होने के बाद जब CCTV फुटेज खंगाला गया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई, तो एक महिला की पहचान सुनीता सोनी के रूप में हुई।

खुद को बताती है व्यापार मंडल की पदाधिकारी
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सुनीता सोनी खुद को महिला व्यापार मंडल की पदाधिकारी बताकर व्यापारियों के बीच प्रभाव जमाने की कोशिश करती है। यह भी आरोप लगाया गया है कि उस पर पहले भी व्यापारियों को धमकाकर पैसे वसूलने के आरोप लग चुके हैं।


पुलिस जांच में जुटी, व्यापारियों में आक्रोश

घटना की सूचना चेतगंज थाने में दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है। व्यापारियों ने प्रशासन से आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।