मतदाता लिस्ट SIR अभियान में DM का औचक निरीक्षण, मैपिंग-फीडिंग की रफ्तार बढ़ाने का निर्देश
Varanasi : जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एक व्यक्ति द्वारा एक से अधिक फॉर्म भरने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बूथवार प्रगति, फीडिंग और मैपिंग की गुणवत्ता बढ़ाने और समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
Varanasi : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को फीडिंग और मैपिंग कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज, कम्पोजिट विद्यालय कबीरचौरा और निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज महमूरगंज में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा—एक ही व्यक्ति भरेगा सिर्फ एक फॉर्म, उल्लंघन पर भारी कार्रवाई
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर मतदाता सूची में दर्ज है तो उसे केवल एक ही गणना प्रपत्र भरना है। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा कई गणना प्रपत्र भरने पर भारी जुर्माने के साथ एक वर्ष तक की जेल की सजा भी हो सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपना गणना प्रपत्र जल्द से जल्द भरकर बीएलओ को जमा कर दें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने:
- बूथवार तैनात कार्मिकों की उपस्थिति जाँची
- फीडिंग और मैपिंग की गति पर असंतोष जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए
- 2003 की मतदाता सूची सभी कार्मिकों के पास अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा
- कम प्रगति वाले बूथों पर विशेष निगरानी का आदेश दिया
- बूथवार प्रगति रिपोर्ट रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए
उन्होंने कार्मिकों से मैपिंग व फीडिंग की प्रक्रिया भी समझी और कहा कि दोनों कार्यों में अनावश्यक अंतर (गैप) न आने पाए।
डीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसे तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और बीएलओ से कहा कि अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें ताकि पुनरीक्षण कार्य समय पर पूर्ण हो सके।
निरीक्षण के दौरान संबंधित बूथों के ईआरओ, एईआरओ, सुपरवाइजर और बीएलओ मौजूद रहे।