वाराणसी में पकड़ा गया संदिग्ध अफगानी नागरिक, बॉर्डर पार कर आया भारत
मिर्जामुराद पुलिस ने संदिग्ध लगने पर एक अफगानी नागरिक को हिरासत में लिया। पूछताछ में वह अपनी पहचान और यात्रा की स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। उसकी डायरी से दारी-पश्तो में लिखे दस्तावेज मिले। मामले में एलआईयू, आईबी और अन्य एजेंसियां जांच में जुटी हैं। पूछताछ जारी है।
वाराणसी: वाराणसी की मिर्जामुराद पुलिस ने शनिवार देर रात संदिग्ध गतिविधियों के चलते एक विदेशी नागरिक को हिरासत में लिया, जिसकी भाषा और व्यवहार पर संदेह होने पर उसे थाने लाया गया। जांच में वह वृद्ध अफगानी नागरिक निकला, जो सीमापार कर पश्चिम बंगाल के रास्ते महाराष्ट्र जाने की योजना बना रहा था।
पूछताछ में उसने अपना नाम पीर बादशाह पुत्र शाह मूसा बताया, लेकिन अपने शहर और यात्रा से जुड़ी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाया। उसकी डायरी से दारी और पश्तो में लिखे कई नोट्स मिले हैं, जिन्हें अनुवाद के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा गया है। विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
रात में गोमती जोन के वरिष्ठ अधिकारी थाने पहुंचे और विस्तृत पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। एलआईयू, आईबी, इंटेलीजेंस स्पेशल विंग समेत कई सुरक्षा एजेंसियां वृद्ध से पूछताछ में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार वह कोलकाता से बनारस पहुंचा था और नागपुर जाने की तैयारी में था। उसके पास से एक मोबाइल फोन और 300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। अभी उससे पूछताछ जारी है और पुलिस उसकी यात्रा और उद्देश्य की गहराई से जांच कर रही है।