अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में संदिग्ध मुस्लिम युवक से पूछताछ, तलाशी में चाकू मिलने की सूचना; पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
वाराणसी। अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में शनिवार को भोजन करने पहुंचे एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के चलते एलआईयू ने रोककर पूछताछ की। घटना करीब 11:45 बजे की बताई जा रही है। सुरक्षा कारणों से की गई तलाशी में उसके पास चाकू मिलने की सूचना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान शाहिद जमाल के रूप में हुई है, जो मुगलसराय का निवासी बताया जा रहा है। बताया गया कि वह भोजन के लिए लाइन में लगा था। संदेह होने पर उसे अलग कर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसकी पहचान सामने आई।
जानकारी मिलने पर दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने भी युवक से पूछताछ की। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक से गहन पूछताछ कर रही है। हालांकि, अभी तक घटना के पीछे की मंशा और अन्य तथ्यों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
घटना के बाद अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं, महंत शंकरपुरी ने इस प्रकार की घटना से अनभिज्ञता जताई है। पुलिस का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।