{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गौ रक्षा के मुद्दे पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की सरकार को चेतावनी, 11 मार्च को लखनऊ में निकालेंगे धर्म यात्रा

 
वाराणसी: ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गाय और सनातन धर्म की रक्षा के मुद्दे पर 11 मार्च को लखनऊ में बड़ी सभा करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी गई 40 दिन की चेतावनी पूरी होने पर ‘धर्म युद्ध’ का शंखनाद किया जाएगा।

रविवार को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में शंकराचार्य ने कहा कि 6 मार्च को वीर शिरोमणि छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर काशी से लखनऊ के लिए प्रस्थान किया जाएगा।

काशी से पूजन के बाद शुरू होगी यात्रा

शंकराचार्य ने बताया कि यात्रा से पहले बड़े भगवान चिंता गणेश का विधिवत पूजन होगा। इसके बाद संकट मोचन मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान के उपरांत यात्रा लखनऊ की ओर रवाना होगी।

उन्होंने कहा कि 11 मार्च को शीतला अष्टमी के दिन लखनऊ पहुंचकर गौ ध्वज की प्रतिष्ठा की जाएगी और उसी दिन धर्म युद्ध का औपचारिक ऐलान होगा। जो लोग गौ माता की रक्षा के लिए जुड़ना चाहते हैं, वे इस सभा में शामिल हो सकते हैं।

इन जिलों से होते हुए निकलेगी गौ ध्वज यात्रा

यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम भी घोषित किया गया है। 7 मार्च को यात्रा जौनपुर और सुल्तानपुर होते हुए रायबरेली पहुंचेगी, जहां सभा और रात्रि विश्राम होगा।

8 मार्च को रायबरेली से मोहनलालगंज, लालगंज और अचलगंज होते हुए उन्नाव में रात्रि विश्राम किया जाएगा।

9 मार्च को बांगरमऊ और बघौली से होते हुए यात्रा नैमिषारण्य पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

10 मार्च को नैमिषारण्य से सिधौली और इटौंजा होते हुए लखनऊ पहुंचकर विश्राम किया जाएगा।

11 मार्च को दोपहर 2:15 बजे से शाम 5 बजे तक कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल, पासी किला चौराहा, आशियाना, लखनऊ में सभा आयोजित होगी।

ईरान-इजराइल युद्ध पर भी दिया बयान

अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए शंकराचार्य ने ईरान और इजराइल के बीच चल रहे युद्ध को लेकर कहा कि वे इस युद्ध के लिए शांति की कामना नहीं करते, बल्कि उनका मानना है कि जब तक धर्म युद्ध नहीं होगा, भौतिक युद्ध बढ़ता रहेगा। उन्होंने कहा कि युद्ध की जो गर्मी है, वह निकल जाए तो स्थिति स्वयं शांत हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विदेशों में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

गौ रक्षा और सनातन मुद्दे पर आंदोलन का संकेत

शंकराचार्य का यह ऐलान ऐसे समय आया है जब गौ संरक्षण और सनातन धर्म से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश में बहस तेज है। 11 मार्च की सभा को आगामी आंदोलन की दिशा तय करने वाला कार्यक्रम माना जा रहा है। धार्मिक संगठनों के मुताबिक, बड़ी संख्या में साधु-संत और गौ भक्त इस यात्रा और सभा में शामिल होंगे।