{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह 28 जुलाई को, कैप्टन बी.के. त्यागी होंगे मुख्य अतिथि

 

Varanasi : महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह आगामी 28 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष दीक्षांत समारोह का मुख्य विषय "विगत एक दशक में भारत की उपलब्धियां : विकसित भारत 2047 की आधारशिला" रखा गया है।

समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि द शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक कैप्टन बी.के. त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

भारतीय नौवहन क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ हैं कैप्टन बी.के. त्यागी

कैप्टन बी.के. त्यागी भारतीय नौवहन क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ और अनुभवी प्रशासक हैं। 32 वर्षों से अधिक के अपने सेवाकाल में उन्होंने समुद्री परिवहन, पोत संचालन, लॉजिस्टिक्स, शिपिंग प्रबंधन और वैश्विक नौवहन क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया से की और विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए वर्तमान में देश के प्रमुख समुद्री संस्थानों में नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें नौवहन, पोर्ट विकास, चार्टरिंग, समुद्री कानून और शिपिंग प्रबंधन का व्यापक अनुभव प्राप्त है।

तैयारियां अंतिम चरण में

विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आयोजन को गरिमामय, सुव्यवस्थित और अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।

इसी क्रम में कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी ने 3 जुलाई को कोर कमेटी और सभी समितियों के संयोजकों की समीक्षा बैठक बुलाई है, जिसमें समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि 48वां दीक्षांत समारोह भव्य और सफल आयोजन के रूप में संपन्न हो।