{"vars":{"id": "130921:5012"}}

3 दिन से लापता 22 वर्षीय श्रेया का शव पानी में मिला, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
 

 

वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के राजातालाब क्षेत्र से तीन दिन से लापता 22 वर्षीय श्रेया उपाध्याय का शव गुरुवार दोपहर बच्छाव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पीछे पश्चिम पूरा में एक बंद मकान के पास पानी में पड़ा मिला। शव से दुर्गंध उठने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के मुताबिक, श्रेया 17 अगस्त को जगतपुर पीजी कॉलेज से घर लौटते समय अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाने में शिकायत दी। परिवार का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की।

गुरुवार को पुलिस ने परिजनों को श्रेया का शव मिलने की सूचना दी। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि श्रेया के पिता सुनील उपाध्याय राजातालाब में कपड़े की दुकान चलाते हैं। जिस मकान के पास शव मिला, उसके मालिक के अनुसार मकान किराये पर था और फिलहाल बंद पड़ा था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि श्रेया की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह बंद मकान के पास पानी में कैसे पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।