काशी में देव दीपावली की भीड़ थी निशाने पर, अंतरराज्यीय गिरोह के 14 आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। देव दीपावली महापर्व पर काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में आए अंतरराज्यीय गिरोह का सिगरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 10 महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और पर्यटकों से चुराए गए 57,960 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा पुलिस ने मंगलवार, 24 नवंबर को कार्रवाई की। पुलिस ने सोनिया चौकी क्षेत्र स्थित एनपीएस गेस्ट हाउस से सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं और देव दीपावली के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने के उद्देश्य से वाराणसी आए थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में वल्लभा यादमनि, इटा कृष्णा वेनी, समुद्राला रवानम्मा, अंगडी द्वारका, कोलावल्ली मरियम्मा, गुंटूर तरुन अनिल उर्फ मदन उर्फ डूमू, पशुपुलाती लक्ष्मी, मालेक्का साईगोपी, समुद्रालम मैरी, समुद्राला रवानम्मा, गोदावरी गुज्जी, जांपा किरन कुमार, इट्टा वेंकटेश और बोज्जागन रूद्रावीना शामिल हैं।
आंध्र प्रदेश में दर्ज हैं चोरी के आठ पुराने मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, गिरोह से संबंधित चोरी के आठ पुराने मुकदमों की जानकारी सामने आई है। इनमें वर्ष 2019 में राजमहेंद्रवरम के दो, वर्ष 2020 में तंगुटुर का एक और वर्ष 2021 में चिराला जीआरपी के पांच मुकदमे शामिल हैं। सभी मुकदमे भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत दर्ज हैं।
नकदी समेत दो मोबाइल फोन बरामद
- 57,960 रुपये नकद।
- चोरी का एक OnePlus एंड्रॉयड मोबाइल फोन।
- चोरी का एक Oppo एंड्रॉयड मोबाइल फोन।
13 सदस्यीय पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, सोनिया चौकी प्रभारी सौरभ शाही, उपनिरीक्षक सलमान खान, उपनिरीक्षक डाली साहू, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह, जितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह, जटाशंकर पाण्डेय, विनय चौरसिया, अनीश गौड़, तारकेश्वर गौड़, महिला कांस्टेबल दीपांजली मिश्रा और महिमा तिवारी शामिल रहीं।
सिगरा थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 0482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 112(2) में मामला दर्ज है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।