मंडलायुक्त ने किया रोपवे परियोजनाओं का निरीक्षण, निर्माण में देरी न करने और जल्द काम पूरा करने का निर्देश
वाराणसी: काशी में निर्माणाधीन रोपवे परियोजना को जल्द पूरा करने की दिशा में प्रशासन ने एक बार फिर तेजी दिखाई है। गुरुवार को मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन ने रोपवे परियोजना के विभिन्न स्टेशनों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को काम में अनावश्यक देरी न करने और बाकी कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने गोदौलिया और गिरजाघर रोपवे स्टेशनों पर चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। इसके साथ ही अन्य स्टेशनों पर काम की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम, आर्टवर्क और फिनिशिंग से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।
निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
मंडलायुक्त ने रोपवे अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोदौलिया, गिरजाघर समेत सभी स्टेशनों पर लंबित कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी होनी चाहिए और गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाए। साथ ही सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
यातायात और पर्यटन को मिलेगी राहत
मंडलायुक्त ने कहा कि वाराणसी रोपवे परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं व पर्यटकों को सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। इसके शुरू होने से शहर की आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लोगों को आवागमन का एक नया विकल्प मिल सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों से परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए पूरी गंभीरता से काम करने को कहा, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द आम लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिल सके।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।