{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मंडलायुक्त ने अजगरा में SIR अभियान की समीक्षा कर मतदाताओं से की बातचीत, अफसरों को दिए काम में तेजी के निर्देश

 

वाराणसी। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम बुधवार को अजगरा विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एसआईआर (स्पेशल समरी रिवीजन) अभियान की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान वे सीधे मतदाताओं के घरों तक पहुँचे और फॉर्म वितरण, फॉर्म कलेक्शन और अन्य संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

मंडलायुक्त ने निरीक्षण के दौरान बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे वोटरों को सही जानकारी उपलब्ध कराएँ, गणना फॉर्म समय पर वितरित करें और ऑनलाइन फीडिंग का कार्य तय समयसीमा में पूरा करें। उन्होंने प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से बाहर न रह जाए। इसलिए बीएलओ को निर्देशित किया गया कि फॉर्म कलेक्शन और ऑनलाइन अपडेटिंग के काम में तेजी लाएँ और घर-घर जाकर मतदाताओं को सही मार्गदर्शन दें।

मंडलायुक्त राजलिंगम ने कहा कि मतदाता सूची का अद्यतन कार्य लोकतंत्र की नींव है। सही और पूर्ण मतदाता सूची ही हर नागरिक को अपने संवैधानिक मतदान अधिकार का उपयोग सुनिश्चित करती है। उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ और सुपरवाइज़र इस पूरी प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो घर-घर जाकर मतदाता सूची की सत्यता सुनिश्चित करते हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष एसआईआर अभियान को और अधिक पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए डिजिटल प्रक्रियाओं का व्यापक उपयोग किया जा रहा है, जिससे संशोधन कार्य अधिक सटीक और तेज हो सके।

मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निष्ठा, पारदर्शिता और तत्परता के साथ चुनाव संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।