{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रेमी के घर पहुंची युवती, बोली- मंदिर में चार साल पहले हुई थी शादी; ससुराल में रहने की जिद पर हंगामा
 

 

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और खुद को उसकी पत्नी बताते हुए ससुराल में रहने की जिद करने लगी। युवती का आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले उसने मंदिर में प्रेमी के साथ शादी की थी, लेकिन अब प्रेमी और उसके स्वजन शादी को स्वीकार करने से इनकार कर रहे हैं।

युवती के अनुसार, उसका युवक के साथ पिछले करीब आठ वर्षों से प्रेम संबंध है। उसने आरोप लगाया कि 10 दिसंबर 2022 को मंदिर में प्रेमी ने उससे शादी की थी। इसके बाद दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहे, लेकिन अब युवक उसे पत्नी मानने और अपने घर में रखने से इनकार कर रहा है।

बुधवार दोपहर युवती प्रेमी के घर पहुंची और ससुराल में रहने की बात कहने लगी। इसको लेकर प्रेमी और उसके स्वजन से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि स्वजन ने उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया और बाहर निकालकर गांव के ही आलोक सिंह के तबेले में बैठा दिया। इसके बाद करीब पांच घंटे तक दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद चलता रहा।

मामला बढ़ने पर युवती ने 1090 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद शाम को चोलापुर थाने पहुंचकर प्रेमी और उसके स्वजन के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने युवती की तहरीर लेकर उसे उसके पिता के साथ घर भेज दिया।

देर शाम पुलिस प्रेमी के घर भी पहुंची और दोनों पक्षों को गुरुवार सुबह थाने बुलाया। थाना प्रभारी निरीक्षक सधुवन राम ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे। युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।