{"vars":{"id": "130921:5012"}}

रील, भाषण और निबंध में छाया काशी का गौरव... 460 प्रतिभागी, 90 विजेता; टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता में युवाओं ने जीता दिल
 

 

वाराणसी: काशी की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा युवाओं को प्रशिक्षित टूरिस्ट गाइड के रूप में तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित "काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता–2026" के तहत गुरुवार को संत अटुलानन्द कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 460 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जबकि विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 90 विजेताओं को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, अजगरा विधायक त्रिभुवन राम, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, सचिव रचना परिषद राहुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वाराणसी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को विश्व स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में प्रशिक्षित युवा टूरिस्ट गाइडों की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और पर्यटन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती हैं।

प्रतियोगिता के तहत निबंध लेखन, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन तथा इंस्टाग्राम रील मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताएं काशी के घाट, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, सारनाथ, काशी का इतिहास, त्योहार, हस्तशिल्प, धर्म, संत परंपरा, संगीत और खानपान जैसे विषयों पर आधारित थीं।

आंकड़ों के अनुसार, निबंध लेखन में पंजीकृत 160 में से 130, डिक्लेमेशन एवं प्रेजेंटेशन में 160 में से 111 और इंस्टाग्राम रील मेकिंग में 319 में से 219 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस प्रकार कुल 539 पंजीकृत प्रतिभागियों में से 460 प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान काशी की संस्कृति और पर्यटन पर आधारित आकर्षक इंस्टाग्राम रील भी प्रस्तुत की गईं। चुलबुल राजभर, अनुश्री त्रिपाठी, रूबी जायसवाल, वैभव चौबे और अथर्व बरनवाल सहित कई प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा।

प्रतियोगिता की प्रत्येक विधा में निर्धारित 10 विषयों पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित कुल 90 विजेताओं को पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयोजन में लगभग 1,350 दर्शकों की उपस्थिति रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों, अभिभावकों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन समिति और सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।