{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में गंगा के बढ़ने से बदला दशाश्वमेध घाट की आरती का स्थल, 15 फीट पीछे हुई आरती

 

वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर अब वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध मां गंगा की दैनिक आरती पर भी दिखाई देने लगा है। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए गंगा सेवा निधि ने आरती स्थल को उसके निर्धारित स्थान से करीब 15 फीट पीछे कर दिया है।

गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आयोजन को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए यह बदलाव किया गया है। हालांकि, आरती की भव्यता और धार्मिक आयोजन में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।

आरती स्थल परिवर्तित होने के बावजूद मां गंगा की दैनिक आरती के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु दशाश्वमेध घाट पहुंचे। भक्तों ने नए स्थान से ही मां गंगा की आरती में शामिल होकर आस्था और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की।

गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत ने बताया कि गंगा का जलस्तर जिस तरह बढ़ रहा है, उसके अनुसार आरती स्थल को भी आगे-पीछे किया जाता रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जलस्तर बढ़ने के साथ आरती स्थल को और पीछे किया जा सकता है।