300 परसेंट रिटर्न का लालच पड़ा भारी, युवक से 17 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी
वाराणसी के लंका क्षेत्र में निवेश और IPO में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने युवक से 17.62 लाख रुपये ठग लिए। फर्जी ऐप पर करोड़ों का बैलेंस दिखाकर भरोसा जीतने के बाद ठगों ने संपर्क तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के साकेत नगर कॉलोनी निवासी प्रशांत कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए। निवेश और IPO में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने उनसे 17.62 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फर्जी निवेश कंपनी के नाम पर रचा गया जाल
प्रशांत कुमार ने पुलिस को बताया कि ठगों ने खुद को “सीटाडेल सिक्योरिटीज सिटी ग्लोबल” नामक कंपनी का प्रतिनिधि बताकर संपर्क किया और निवेश पर मोटा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में उनसे 2.34 लाख रुपये निवेश कराए गए, जिनमें से 90 हजार रुपये वापस भेजकर भरोसा जीता गया।
ऐप पर दिखाया लाखों का फर्जी मुनाफा
ठगों ने एक मोबाइल ऐप के जरिए पीड़ित को 10.05 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया। इसके बाद उन्हें IPO में निवेश पर 300 प्रतिशत तक लाभ का लालच दिया गया और लगातार अधिक रकम निवेश कराई गई।
फर्जी बैलेंस दिखाकर वसूले 17.62 लाख
आरोप है कि ठगों ने ऐप में 67.15 लाख रुपये का कुल बैलेंस और 51.30 लाख रुपये का मुनाफा दिखाया। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो लोन क्लियरेंस, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बहाने बनाकर कुल 17,62,129 रुपये और वसूल लिए।
पैसा निकालने की कोशिश पर ठग फरार
पीड़ित के अनुसार, जैसे ही उन्होंने रकम निकालने का दबाव बनाया, ठगों ने संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी का एहसास हुआ। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और साइबर टीम की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।