नौबतपुर बॉर्डर पर खड़े भारी ट्रकों का रहस्य, BLW कनेक्शन की चर्चा तेज
Lucknow/Varanasi : नौबतपुर बॉर्डर पर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे पिछले करीब 15 दिनों से खड़े भारी ट्रक इलाके में कौतूहल और चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन ट्रकों पर लोकोमोटिव बॉडी शेल लदे हैं, जिन्हें सड़क किनारे टेंट लगाकर रखा गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रकों को एल्युमिनियम गेट से घिरे एक अस्थायी कैंप के भीतर खड़ा किया गया है। यहां कुछ लोग सुरक्षा में तैनात हैं, लेकिन मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
‘खराब मटेरियल’ बदलने की चर्चा
इलाके में चर्चा है कि ट्रकों पर लदी सामग्री का संबंध बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (BLW) से हो सकता है। स्थानीय लोगों का दावा है कि लोकोमोटिव बॉडी शेल में इस्तेमाल मटेरियल खराब या रिजेक्ट होने के कारण इन्हें यहां लाकर बदला जा रहा है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र के ड्रीम प्रोजेक्ट अमृत भारत लोकोमोटिव से जुड़ी बॉडी शेल की मरम्मत या निर्माण का काम हाईवे किनारे अस्थायी टेंट के नीचे किया जा रहा है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कई सवाल खड़े
हाईवे किनारे खुले में रखे गए इन बॉडी शेल को लेकर लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। चर्चा इस बात की भी है कि क्या इन ट्रकों को जरूरी दस्तावेजों के अभाव में यहां रोका गया है, या फिर रेलवे से जुड़ी किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण इन्हें अस्थायी रूप से यहां रखा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने संवेदनशील और भारी रेलवे उपकरणों का लंबे समय तक सड़क किनारे रखा जाना सुरक्षा और गुणवत्ता दोनों को लेकर चिंता पैदा करता है। फिलहाल प्रशासन या रेलवे की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।