{"vars":{"id": "130921:5012"}}

'सा रे गा मा पा' का नया सीजन शुरू, वाराणसी से होगी सिंगिंग सुपरस्टार की तलाश; 3 जुलाई को ऑडिशन
 

 

वाराणसी। देश के सबसे लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो 'सा रे गा मा पा' का नया सीजन जल्द दर्शकों के बीच आने वाला है। शो के निर्माताओं ने नए सीजन का पहला प्रोमो जारी कर दिया है, जिसके साथ ही भारत के अगले सिंगिंग सुपरस्टार की खोज भी शुरू हो गई है।

इस बार शो अपने पारंपरिक संगीत और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से लौट रहा है। जारी प्रोमो में नवजात शिशु के जन्म की खुशियों के बीच उत्तर प्रदेश और बिहार के पारंपरिक लोकगीत 'सोहर' को बेहद भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। यह लोकगीत नई जिंदगी और नई शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसके जरिए शो ने संदेश दिया है कि सच्चा संगीत हर पीढ़ी और हर दिल को जोड़ने की ताकत रखता है।

इस सीजन में दर्शकों को पहले से कहीं अधिक भव्य मंच, आधुनिक प्रोडक्शन और 100 से अधिक लाइव म्यूजिशियन, सिंगर्स व इंस्ट्रूमेंटलिस्ट्स के साथ एक शानदार संगीतमय अनुभव देखने को मिलेगा।

वाराणसी में 3 जुलाई को होगा पहला ऑडिशन

चैनल ने पहले चरण के ऑडिशन की तारीखों की भी घोषणा कर दी है। इसके तहत 3 जुलाई को वाराणसी, 4 जुलाई को लखनऊ और 5 जुलाई को दिल्ली में ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। अन्य शहरों की तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा।

कई बड़े सितारों को मिला इसी मंच से मुकाम

पिछले तीन दशकों में 'सा रे गा मा पा' ने देश को कई नामचीन गायक दिए हैं। श्रेया घोषाल, कुनाल गांजावाला और मोनाली ठाकुर जैसे कई चर्चित कलाकारों ने इसी मंच से अपने करियर की शुरुआत की थी। नया सीजन भी देशभर के उभरते गायकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर देगा।

ऐसे करें रजिस्ट्रेशन

ऑडिशन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागी +91 9152915218 पर मिस्ड कॉल देकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें एसएमएस के माध्यम से आधिकारिक ऑडिशन वेबसाइट का लिंक भेजा जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागी +91 8655780787 पर व्हाट्सएप के जरिए आवश्यक जानकारी के साथ अपनी दो ऑडियो-वीडियो क्लिप भेजकर भी ऑडिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।