करखियांव की बदलेगी तस्वीर, DM ने औचक निरीक्षण कर तय समय में काम पूरा करने का दिया निर्देश
वाराणसी में विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गड़खरा स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल और पिंडरा क्षेत्र के करखियाँव गांव में चल रहे सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास कार्यों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
समय सीमा में पूरा हो मेडिकल कॉलेज का निर्माण
राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि 100 सीटों वाले एकेडमिक ब्लॉक, हॉस्पिटल भवन, गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल सहित अन्य निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज के छात्रों के लिए खेल मैदान की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आसपास के अतिक्रमण को हटाने के लिए एसडीएम को निर्देशित किया।
उन्होंने आसपास की सरकारी जमीन चिन्हित करने, कॉलेज के सामने स्थित गौशाला को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने और मुख्य सड़क से संपर्क मार्ग को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए।
करखियाँव में ईको टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
डीएम ने पिंडरा क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांव करखियाँव में चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ईको टूरिज्म योजना के तहत तालाब के सुंदरीकरण, पाथवे निर्माण, वृक्षारोपण, जेटी और म्यूजिकल फाउंटेन जैसी सुविधाएं विकसित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा पार्क क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए पुल निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा गया।
विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।