लोलार्क पर्व को लेकर पुलिस आयुक्त ने लोलार्क कुंड का किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश
वाराणसी I आगामी लोलार्क षष्ठी पर्व के मद्देनजर पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बुधवार को लोलार्क कुंड और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रवेश और निकास मार्गों, बैरिकेडिंग तथा पर्याप्त पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पर्व के दौरान महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती तथा आवश्यकता के अनुसार सहायता केंद्र स्थापित करने को भी कहा गया।
इसके अलावा कुंड परिसर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं के वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को लोलार्क षष्ठी पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय, सतर्कता और प्रभावी पर्यवेक्षण के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।