इंग्लिशिया लाइन से भेलूपुर तक 26 मीटर चौड़ी होगी सड़क, पीडब्ल्यूडी ने शुरू किया सर्वे
वाराणसी I Varanasi के सबसे व्यस्त और जाम प्रभावित मार्गों में शामिल इंग्लिशिया लाइन से भेलूपुर तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से मार्ग का सर्वे कराया जा रहा है, जिसमें सड़क किनारे स्थित भवनों, दुकानों, सरकारी परिसरों और यूटिलिटी सेवाओं का आकलन किया जा रहा है।
प्रस्तावित योजना के तहत इंग्लिशिया लाइन से रथयात्रा, कमच्छा स्थित जलकल कार्यालय, संकुलधारा पोखरा होते हुए भेलूपुर चौराहा (विजया मॉल) तक सड़क को 26 मीटर चौड़ा किया जाएगा। वर्तमान में इस मार्ग के कई हिस्सों की चौड़ाई केवल 12 से 15 मीटर है, जिसके कारण दिनभर वाहनों की लंबी कतार और जाम की स्थिति बनी रहती है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार सर्वे के दौरान सड़क किनारे स्थित भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सरकारी परिसरों के साथ बिजली-पानी जैसी यूटिलिटी सेवाओं का डाटा जुटाया जा रहा है। सबसे बड़ी चुनौती रथयात्रा चौराहे से कमच्छा तक के हिस्से में सामने आ रही है, जहां दोनों ओर घनी आबादी और बड़े पैमाने पर दुकानें मौजूद हैं।
यह चौड़ीकरण परियोजना इंग्लिशिया लाइन, साजन तिराहा, सिगरा, रथयात्रा चौराहा, बीटीएस बाउंड्री, कमच्छा, जलकल कार्यालय, संकुलधारा पोखरा, खोजवा, चेतमणि चौराहा होते हुए भेलूपुर चौराहे तक लागू की जाएगी।
परियोजना को लहरतारा से भेलूपुर वाया बीएचयू तक प्रस्तावित मार्ग से भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद यह मार्ग फुलवरिया फोरलेन, गिलट बाजार पुलिस चौकी, रिंग रोड और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी से लिंक हो जाएगा, जिससे शहर के अंदर और बाहर यातायात व्यवस्था को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
करीब 660 करोड़ रुपये की इस परियोजना में भूमि अधिग्रहण, भवन क्षतिपूर्ति, सिविल वर्क, ड्रेनेज, फुटपाथ निर्माण और यूटिलिटी शिफ्टिंग का खर्च शामिल होगा। सर्वे पूरा होने के बाद अंतिम रिपोर्ट जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजी जाएगी। मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी।