काशी में गूंजेगी फाइटर विमानों की दहाड़: एयर शो को लेकर एयरपोर्ट, वायुसेना और CISF ने की अहम बैठक
वाराणसी: प्रयागराज के बाद अब वाराणसी में भी इस बार भव्य एयर शो देखने को मिल सकता है। आगामी 8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के मौके पर एयर शो आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि अभी तक शो के लिए स्थान तय नहीं किया गया है।
इस संबंध में हाल ही में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (बाबतपुर) पर एयरपोर्ट प्रशासन, भारतीय वायुसेना और सीआईएसएफ के अधिकारियों के बीच बैठक हुई, जिसमें आयोजन को लेकर विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया।
बताया जा रहा है कि एयर शो करीब ढाई घंटे का हो सकता है, जिसमें वायुसेना के जांबाज पायलट अपने साहस, शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान राफेल, सुखोई, तेजस जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों के साथ हेलिकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट विमान भी आसमान में करतब दिखा सकते हैं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर पुनीत गुप्ता के अनुसार, वाराणसी एयरपोर्ट का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि इसे पूर्वांचल का सबसे बड़ा और आधुनिक एयरपोर्ट बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि एयर शो में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में एयरपोर्ट की क्षमता और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए या तो विशेष तैयारी की जाएगी या फिर वैकल्पिक स्थान पर आयोजन पर विचार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि प्रयागराज में समय-समय पर एयर शो आयोजित होते रहे हैं। वर्ष 2023 में वायुसेना दिवस के मौके पर संगम क्षेत्र के ऊपर भव्य एयर डिस्प्ले हुआ था, जिसे लाखों लोगों ने देखा था। अब वाराणसी में भी ऐसा आयोजन होने की संभावना से लोगों में खासा उत्साह है।