काशी का स्वाद अब वैश्विक मंच पर! UP दिवस पर लखनऊ में लगेगा बनारसी कचौड़ी-जलेबी का भव्य स्टॉल
लखनऊ I उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस 24 जनवरी को लखनऊ में भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश की राजधानी में काशी (वाराणसी) के पारंपरिक व्यंजनों का विशेष प्रदर्शन होगा, जहां कचौड़ी-जलेबी, बनारसी पान, ठंडाई और अन्य प्रसिद्ध स्वादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। यह आयोजन न केवल उत्सव का हिस्सा होगा, बल्कि 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजिन' (ODOC) योजना के तहत वाराणसी के व्यंजनों को ब्रांडिंग और नई उड़ान देने का महत्वपूर्ण अवसर भी साबित होगा।
जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र के सहायक आयुक्त विनोद कुमार वर्मा ने बताया कि उत्तर प्रदेश दिवस के कार्यक्रम में वाराणसी का विशेष स्टॉल लगेगा। इस स्टॉल पर ODOC के तहत वाराणसी की जीआई टैग प्राप्त तिरंगा बर्फी, बनारसी पान, ठंडाई, कचौड़ी-जलेबी, लौंगलता और प्रसिद्ध हींग वाली कचौड़ी बनाई और परोसी जाएगी। इसी अवसर पर 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजिन' के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी, जिससे काशी के पारंपरिक खान-पान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
वाराणसी की कचौड़ी इतनी प्रसिद्ध है कि पर्यटक दूर-दूर से यहां इसका स्वाद चखने आते हैं। विनोद कुमार वर्मा ने कहा, "सरकार का उद्देश्य काशी की पाककला को उसके मूल स्वाद और खास पहचान के साथ राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। ODOC योजना के तहत व्यंजनों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग के लिए सरकार पूर्ण प्रोत्साहन देगी। साथ ही गुणवत्ता, स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।"
पद्मश्री डॉ. रजनीकांत, जो 'जीआई मैन' के नाम से प्रसिद्ध हैं, ने बताया कि ODOC योजना से वाराणसी के सभी उत्पादों को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रमाणित किया जा सकेगा। इससे काशी के स्वाद को अनूठी पहचान मिलेगी और गुणवत्ता बढ़ने से जीआई टैगिंग का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे स्थानीय व्यंजनों के मालिकों और कारीगरों की पहचान सुरक्षित रहेगी।
डॉ. रजनीकांत ने आगे कहा कि ODOC से काशी के व्यंजन सुरक्षित होंगे और पारंपरिक कारीगर व दुकानदार भी संरक्षित रहेंगे। काशी के लाल पेड़ा और तिरंगा बर्फी की तरह अन्य व्यंजनों को भी विश्व पटल पर अलग पहचान मिलेगी। तिरंगा बर्फी का विशेष उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इसने देश की आजादी में भी अहम योगदान दिया था।
उत्तर प्रदेश सरकार की ODOC योजना ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) की सफलता के बाद शुरू की गई है, जिसका लक्ष्य प्रत्येक जिले की विशिष्ट पाककला को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार को मजबूत करना है। उत्तर प्रदेश दिवस पर काशी के स्टॉल से न केवल स्वादिष्ट अनुभव मिलेगा, बल्कि यह योजना प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।