‘हनुमान अंश’ की टीम ने काशी विश्वनाथ दरबार में लगाई हाजिरी, बोले- महादेव के आशीर्वाद से यहां तक पहुंचे
वाराणसी। फिल्म अभिनेत्री अंजलि अरोड़ा और अभिनेता शोभिनव सत्य शुक्रवार को अपनी पूरी फिल्म टीम के साथ वाराणसी पहुंचे। इस दौरान सभी ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि के साथ अपनी आगामी फिल्म की सफलता के लिए प्रार्थना की।
फिल्म कलाकारों के मंदिर पहुंचने की जानकारी मिलते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ अभिनेत्री और अभिनेता का स्वागत किया। इस दौरान प्रशंसकों में भी सेल्फी और कलाकारों की एक झलक पाने को लेकर उत्सुकता रही।
दर्शन-पूजन के दौरान फिल्म टीम ने बाबा काशी विश्वनाथ से परिवार की सुख-शांति और आने वाली फिल्म की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। कलाकारों की मौजूदगी से मंदिर परिसर में कुछ देर तक उत्साह का माहौल बना रहा।
काशी विश्वनाथ मंदिर में देश-विदेश से श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक आस्था के साथ यहां भक्तजन अपने परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं। फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों का भी बाबा के दरबार में पहुंचना अक्सर श्रद्धालुओं और प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बनता है।