काशी के मंच पर दिखेगी पीएम मोदी के 25 साल की ‘नमो सेवा’ की अनकही कहानी
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत काशी में ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ नाम से विशेष नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। अभिनय, संगीत, संवाद और भावपूर्ण दृश्यों के जरिए प्रधानमंत्री की जनसेवा यात्रा के विभिन्न पहलुओं को मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
सोमवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह महज नाट्य मंचन नहीं, बल्कि कला के माध्यम से लोगों तक जनसंवाद पहुंचाने का प्रयास है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की यात्रा में सेवा, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े प्रसंगों को कलाकार मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुति के अलावा स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को राष्ट्रनिर्माण और सामाजिक दायित्वों से जोड़ना है।
‘नमो सेवा गाथा’ पखवाड़े के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक वाराणसी के अलग-अलग क्षेत्रों में 15 सदस्यीय कलाकारों की टीम नुक्कड़ नाटकों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश देगी।
6 से 9 अक्टूबर के बीच डेलवरिया मंदिर, गुरुनानक चौराहा, सरसौली अखाड़ा, हुकुलगंज, सारनाथ म्यूजियम, नाटी इमली, मलदहिया और पुलिस लाइन चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। वहीं 10 से 14 अक्टूबर तक प्रहलाद घाट स्थित विनोद बाजार, थाना चौक, मच्छोदरी पार्क, राजघाट हनुमान मंदिर, चेतगंज, पिशाच मोचन, मैदागिन और अलईपुर स्टेशन पर कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।
पत्रकार वार्ता में उपाध्यक्ष कुसुम पटेल, महामंत्री अशोक जाटव और अजय गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रमील पाण्डेय, सह मीडिया प्रभारी अशोक कुमार पाण्डेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। महानगर अध्यक्ष ने काशीवासियों और मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रमों में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।