{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, 6 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी

 

वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। केंद्रीय जल आयोग (CWC) के राजघाट गेज स्थल पर शनिवार को शाम 6 बजे गंगा का जलस्तर 65.62 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और नदी 6 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है।

 

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार वाराणसी में गंगा का चेतावनी स्तर 70.262 मीटर और खतरे का स्तर 71.262 मीटर निर्धारित है। वहीं गंगा का अब तक का उच्चतम बाढ़ स्तर (HFL) 73.901 मीटर है। फिलहाल गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर से नीचे है, लेकिन पानी बढ़ने का सिलसिला जारी रहने से प्रशासन और तटवर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ गई है।

 

गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए घाटों और नदी के आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले समय में निचले इलाकों और घाटों पर इसका असर दिखाई दे सकता है।

प्रशासन और संबंधित विभाग गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के बढ़ते पानी को देखते हुए घाटों और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक जोखिम न लें।