मां की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया: वाराणसी में सड़क पार कर रहे 5 वर्षीय बेटे को हाईवा ने कुचला, मौत
वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र के भदऊ चुंगी में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। सड़क पार कर रहे बच्चे को तेज रफ्तार हाईवा ने कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि वाहन का पहिया मासूम के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे रोक लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भदऊ चुंगी निवासी गोलू विश्वकर्मा और उनकी पत्नी रिंकी विश्वकर्मा चाकू-छुरी तेज करने का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनका पांच वर्षीय बेटा धनराज उर्फ कल्लू शुक्रवार रात घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह सड़क पार करने लगा। तभी चौकाघाट की ओर से राजघाट पुल की तरफ जा रहा तेज रफ्तार हाईवा उसकी चपेट में आ गया।
परिजनों ने किया हंगामा
हादसे की सूचना पर आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। इस दौरान गुस्साए परिजनों की पुलिस से कहासुनी भी हुई। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुल निर्माण कार्य में लगा था हाईवा
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हादसे में शामिल हाईवा रेलवे की निर्माण एजेंसी आरवीएनएल (RVNL) के पुल निर्माण कार्य में लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक से पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि घटनास्थल पर देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही।