{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी के प्राचीन सती माता मंदिर में चोरी, दानपात्र का ताला तोड़ नकदी ले गए चोर

 
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बजरडीहा के जिवधीपुर भरौटी इलाके में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां स्थित प्राचीन सती माता मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए दानपात्र का ताला तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

मामले की जानकारी मिलते ही भेलूपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर परिसर में कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा मिला, जिसके चलते पुलिस आसपास की गलियों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग मिल सके।

मंदिर के पुजारी ने बताया कि रोज की तरह मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोले गए थे। दोपहर से शाम के बीच किसी समय अज्ञात चोर मंदिर परिसर में दाखिल हुए और दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी पूरी नकदी चोरी कर ली। शाम को जब दोबारा मंदिर खोला गया तो दानपात्र टूटा हुआ मिला, जिसके बाद घटना की जानकारी लोगों को हुई।

पुजारी ने आरोप लगाया कि मंदिर में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। करीब दो साल पहले भी मंदिर से माता रानी की लगभग 20 भर चांदी की बिंदी चोरी हो गई थी। उस मामले में भी अब तक पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर सकी है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।

स्थानीय निवासी शिव प्रसाद ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना में शामिल चोरों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही दो साल पहले हुई चोरी के मामले का भी खुलासा कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।

वहीं भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चोरों की तलाश जारी है।