फेरी के बहाने करते थे रेकी...वैज्ञानिक के घर का करोड़ों का सामान कर दिया पार, पुलिस ने ऐसे की चोरों की गिरफ्तारी
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने घर में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई लंका थाना क्षेत्र में की गई।
मामला लंका थाना क्षेत्र के गायत्री नगर का है, जहां 31 मार्च 2026 को पीड़ित परिवार अपने मूल गांव गया हुआ था। 4 अप्रैल को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखे पुस्तैनी गहने व अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसी आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फेरी लगाने के बहाने इलाके में घूमते थे और घरों की रेकी कर मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
17 अप्रैल 2026 को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों वांछित आरोपी मोहम्मद शारिक जमाल अंसारी (38 वर्ष) और रेयाज अकरम (27 वर्ष) को सीर गोवर्धनपुर स्थित काशीपुरम कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
भेलूपुर एसीपी कार्यालय के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने-चांदी के हार, कंगन, अंगूठियां, झुमके, पायल समेत कई कीमती जेवर शामिल हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने और किन-किन स्थानों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।