सारनाथ में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, नगदी-जेवरात ले उड़े चोर; मौके पर मिला हथौड़ा
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के हिरामनपुर में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नगदी और लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके पर एक बड़ा हथौड़ा भी छोड़ गए। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, हिरामनपुर निवासी मनीष जायसवाल चौबेपुर में किराना की दुकान चलाते हैं। शनिवार को वह अपने परिवार के साथ पहाड़िया नई बस्ती स्थित अपनी ससुराल गए थे। इस दौरान उन्होंने मकान में ताला बंद कर दिया था।
चोरों ने बंद मकान को देखकर मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर अलमारी में रखे करीब 5 हजार रुपये नगद, सोने की दो चेन, चूड़ी, झुमका, पायल और बच्चों के चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सोमवार की रात खुला चोरी का राज
सोमवार की रात पड़ोस में रहने वाली महिला अपने निर्माणाधीन मकान में दिया जलाने पहुंचीं। इसी दौरान उनकी नजर मनीष के मकान के टूटे हुए ताले पर पड़ी। उन्होंने तत्काल मनीष को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद मनीष रात करीब 10:30 बजे स्थानीय थाने पहुंचे और पुलिस को चोरी की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। चोरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
वहीं, चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पीड़ित मनीष जायसवाल ने बताया कि चोरी हुए आभूषण और नगदी उन्होंने वर्षों की मेहनत से जमा की थी, इसलिए घटना से परिवार बेहद दुखी है।