DVR समझकर वाई-फाई राउटर ले उड़े चोर, CCTV फुटेज ने खोली पोल; सिगरा पुलिस ने छह आरोपियों को दबोचा
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के फातमान रोड स्थित एसएन रेफ्रिजरेशन दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार को सिगरा पुलिस ने पूर्वोत्तर रेलवे के मैदान से चोरी की घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नकदी समेत चोरी का सामान भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 12,030 रुपये नकद, एक ई-रिक्शा, 21 किलोग्राम तांबे का पाइप, एक बंडल केबल तार, एक लैपटॉप और एक जोड़ी जूते बरामद किए गए हैं।
दुकान का ताला तोड़कर नकदी और कीमती सामान किया था पार
जानकारी के अनुसार, पांडेयपुर के नई बस्ती क्षेत्र निवासी मोहम्मद टीपू की फातमान रोड पर एसएन रेफ्रिजरेशन नाम से दुकान है। उन्होंने सिगरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर की शाम वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगली सुबह दुकान पहुंचने पर उन्हें ताला टूटा मिला।
दुकान के अंदर जाने पर पता चला कि कैश काउंटर में रखे 25 से 30 हजार रुपये नकद, करीब 140 किलोग्राम कीमती तांबे का तार और एक लैपटॉप गायब था। चोरी की जानकारी मिलते ही दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
डीवीआर के चक्कर में वाई-फाई राउटर भी उठा ले गए चोर
एसीपी चेतगंज शुभम जैन ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी सिस्टम के साक्ष्य मिटाने की कोशिश में डीवीआर समझकर वाई-फाई राउटर भी अपने साथ ले गए थे।
हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
लल्लापुरा क्षेत्र के रहने वाले हैं सभी छह आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लल्लापुरा क्षेत्र निवासी इमरान उर्फ इम्मू, मेराज अंसारी, आमिर अंसारी, प्रिंस चौरसिया, साहजेब और राशिद खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की नकदी और सामान का एक हिस्सा बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।