{"vars":{"id": "130921:5012"}}

खाना डस्टबिन में फिंकवाया...BHU हॉस्टल में आधी रात हंगामा, छात्रों ने वार्डन पर लगाए गंभीर आरोप

 
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (Banaras Hindu University) के बाल गंगाधर तिलक छात्रावास के बाहर बुधवार देर रात छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास वार्डन ने एक छात्र के साथ अभद्र व्यवहार किया, उसका कॉलर पकड़ा और उसके द्वारा बनाया गया खाना डस्टबिन में फिंकवा दिया।

घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया।

एमएससी एग्रीकल्चर द्वितीय वर्ष के छात्र कुमार सौरभ ने वार्डन पर मानसिक प्रताड़ना और अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है। छात्र द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि छात्रावास में मेस का नियमित संचालन नहीं हो रहा है और भोजन की गुणवत्ता भी बेहद खराब है।

छात्रों का कहना है कि स्वास्थ्य खराब होने के कारण कुछ छात्र रात करीब 10 बजे अपने कमरे में भोजन बना रहे थे। इसी दौरान छात्रावास वार्डन कुछ गार्डों के साथ वहां पहुंचे और कथित तौर पर छात्र के साथ अभद्रता की।

आरोप है कि वार्डन ने छात्र का कॉलर पकड़ लिया और उसके द्वारा तैयार भोजन को डस्टबिन में फिंकवा दिया। साथ ही खाना बनाने का सामान भी जब्त कर लिया गया।

छात्रों के मुताबिक वार्डन ने छात्र को कमरे से बाहर निकालकर कमरे में ताला लगा दिया, जिसके बाद उसे पूरी रात छात्रावास परिसर के ग्राउंड में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।

घटना के बाद छात्रों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने छात्रावास परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इसके साथ ही छात्रों ने हॉस्टल मेस के संचालन, भोजन की गुणवत्ता और छात्रों की मूलभूत सुविधाओं में सुधार की भी मांग उठाई है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।