{"vars":{"id": "130921:5012"}}

नमो घाट पर पर्यटकों से मारपीट, सिक्योरिटी गार्ड और नाविकों पर आरोप, विडियो वायरल
 

 

वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट पर पर्यटकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बिहार के भभुआ से नमो घाट घूमने आए पांच युवकों के साथ गेट नंबर दो के पास कथित तौर पर सिक्योरिटी गार्ड और कुछ नाविकों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल युवकों की शिकायत पर आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

गेट खोलने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 10 बजे भभुआ निवासी दुरेश अंसारी (23) अपने दोस्त मो. राकीब, अरमान फारुकी समेत पांच युवकों के साथ नमो घाट घूमने पहुंचे थे। रात में घाट बंद होने के बाद सभी युवक गेट नंबर दो से वाहन स्टैंड की ओर जा रहे थे।

गेट बंद होने पर युवकों ने वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड से गेट खोलने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद वहां मौजूद कुछ सिक्योरिटी गार्ड और नाविकों ने युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में घेरकर पिटाई

घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में गेट नंबर दो के पास पांच-छह लोग युवकों को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि कुछ लोग युवकों पर लगातार हाथ चला रहे थे, जबकि सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहने एक व्यक्ति लाठी से उनकी पिटाई कर रहा था।

मारपीट से बचने के बाद युवक किसी तरह वहां से निकलकर राजघाट की ओर पहुंचे। इसके बाद कुछ लोगों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस चौकी होने के बावजूद नहीं पहुंचा कोई पुलिसकर्मी

पीड़ित युवकों का आरोप है कि नमो घाट पर पुलिस चौकी मौजूद होने के बावजूद घटना के समय चौकी प्रभारी या कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। सूचना मिलने के बाद आदमपुर थाने की फोर्स मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले सिक्योरिटी गार्ड और नाविक वहां से फरार हो चुके थे।

युवकों की शिकायत के आधार पर आदमपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

नमो घाट पर सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

नमो घाट पर पर्यटकों के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पर्यटकों की सुरक्षा और घाट पर अराजकता पर नियंत्रण के लिए यहां पुलिस चौकी स्थापित की गई है और पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।