{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 25 अक्टूबर को कई रास्तों पर डायवर्जन
 

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। इस दौरान कई मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जबकि राजघाट पुल पर वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान से एक घंटे पहले वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी बंद रहेगा।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही वीवीआईपी कार्यक्रम क्षेत्र की ओर निकलें।

सुबह 8 बजे से इन मार्गों पर नहीं चलेंगे ऑटो और ई-रिक्शा

  • यातायात पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, 25 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम समाप्त होने तक शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
  • अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सर्किट हाउस, भोजूबीर, यूपी कॉलेज और गिलट बाजार तिराहा तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।
  • इसी तरह पुलिस लाइन से पांडेयपुर, चौकाघाट चौराहा, गोलगड्डा और राजघाट तक भी ऑटो और ई-रिक्शा का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
  • इसके अलावा सुबह 8 बजे से सूजाबाद (पड़ाव) की ओर से चौकाघाट जाने वाले ऑटो, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहनों के संचालन पर भी कार्यक्रम समाप्त होने तक रोक रहेगी।
  • राजघाट पुल पर वाहनों के साथ पैदल आवागमन भी रहेगा प्रतिबंधित

  • प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान राजघाट पुल पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। यातायात पुलिस के अनुसार, सुबह 7 बजे से राजघाट पुल पर सूजाबाद की ओर से आने वाले सभी मालवाहक वाहनों का संचालन बंद रहेगा।
  • इसके साथ ही वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान से एक घंटे पहले राजघाट पुल पर सभी प्रकार के वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी जाएगी।
  • वाराणसी से चंदौली जाने वाले वाहन संधहा रिंग रोड, बलुआ पुल, विश्वसुंदरी पुल और टेंगरा मोड़ के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

बाहरी जिलों से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए विभिन्न जिलों से वाराणसी आने वाली बसों के लिए भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

  • बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसों को वीवीआईपी के आगमन से तीन घंटे पहले से कार्यक्रम समाप्त होने तक हरहुआ ओवरब्रिज पर नहीं जाने दिया जाएगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसों को क्रमशः हरहुआ रिंग रोड, बावनबीघा और संधहा अंडरपास से वापस कर दिया जाएगा।
  • चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर की ओर से आने वाली बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन्हें ठिकाना ढाबा और मोहनसराय से वापस किया जाएगा। वहीं, भदोही की ओर से आने वाली बसों को परमपुर और सजोई अंडरपास से वापस भेजा जाएगा।
  • गिलट बाजार से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले रास्तों पर भी रोक

  • प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान से एक घंटे पहले गिलट बाजार तिराहे से पुलिस लाइन चौराहे की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को शिवपुर चुंगी तिराहे की ओर मोड़ा जाएगा।
  • सेंट्रल जेल तिराहे से जेपी मेहता तिराहे की ओर जाने वाले वाहन भी शिवपुर चुंगी तिराहे की तरफ डायवर्ट किए जाएंगे।
  • संधहा अंडरपास से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले वाहनों को रिंग रोड पर भेजा जाएगा। काली माता मंदिर चौराहे से पुलिस लाइन की तरफ यातायात रोककर वाहनों को पांडेयपुर चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • वहीं, पांडेयपुर चौराहे से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले वाहनों को आजमगढ़ अंडरपास की तरफ भेजा जाएगा।

चौकाघाट और नमो घाट की ओर भी लागू रहेगा डायवर्जन

  • यातायात एडवाइजरी के अनुसार, पंचकोशी चौराहे से कज्जाकपुरा ओवरब्रिज की ओर जाने वाले वाहनों को वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान से एक घंटे पहले रोक दिया जाएगा। इन्हें आशापुर और पांडेयपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • कज्जाकपुरा ओवरब्रिज के प्रारंभिक स्थल पर सरैया पुलिस चौकी की ओर से गोलगड्डा जाने वाले वाहनों को पंचकोशी चौराहे की ओर वापस भेजा जाएगा।
  • लहरतारा चौराहे से चौकाघाट जाने वाले वाहनों को मंडुवाडीह की तरफ और अंधरापुल चौराहे से चौकाघाट जाने वाले वाहनों को मरीमाई तिराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
  • अमर उजाला तिराहा और तेलियाबाग चौराहे से लकड़ीमंडी तिराहा तथा चौकाघाट चौराहे की ओर वाहनों का संचालन रोककर उन्हें मरीमाई तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
  • प्रधानमंत्री के आगमन से एक घंटे पहले लकड़ीमंडी तिराहे से गोलगड्डा और नमो घाट की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन वाहनों को अमर उजाला तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • गोलगड्डा तिराहे से नमो घाट की तरफ जाने वाले वाहनों को विश्वेश्वरगंज तिराहे की ओर भेजा जाएगा। लाट भैरव पुलिस चौकी तिराहे और भदऊ चुंगी तिराहे से भी नमो घाट की ओर वाहनों के जाने पर रोक रहेगी।
  • इसके अलावा विश्वेश्वरगंज तिराहे से गोलगड्डा और भदऊ चुंगी तिराहे की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

ट्रैफिक पुलिस ने की वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील

यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यातायात रोक और डायवर्जन आवश्यकतानुसार लागू किए जाएंगे, ताकि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।