{"vars":{"id": "130921:5012"}}

चंदौली में दर्दनाक हादसा : ट्रक में पीछे से घुसा ट्रेलर, चालक केबिन में फंसा, गंभीर रूप से घायल

 
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित जगदीश सराय में मंगलवार को NH-19 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। टीवीएस एजेंसी के पास आगे चल रही ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला जा सका।

गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दुर्घटना के कारण NH-19 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। मामले की जांच की जा रही है।