फूलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पिता-बेटी की मौत, पुलिस परीक्षा देने जा रही छात्रा की अधूरी रह गई तैयारी
वाराणसी I फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रामनगर निवासी पृथ्वी नाथ सोनकर (64) अपनी बेटी आंचल सोनकर (20) को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए जौनपुर परीक्षा केंद्र ले जा रहे थे। उनके साथ पड़ोसी दिनेश सोनकर (24) भी बाइक चला रहा था और तीनों एक ही बाइक से यात्रा कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि बाबतपुर–जौनपुर बाइपास मार्ग पर बेलवा–नागपुर के बीच किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने पृथ्वी नाथ सोनकर और उनकी बेटी आंचल सोनकर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं गंभीर रूप से घायल दिनेश सोनकर को पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।