{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में स्कूली बसों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 121 बसों का पंजीयन निलंबित; 15 दिन में रजिस्ट्रेशन रद्द
 

 

वाराणसी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले स्कूल प्रबंधनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। फिटनेस न कराने और निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरने वाली 121 स्कूली बसों का पंजीयन निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधनों को चेतावनी नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर बसों का फिटनेस कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में फिटनेस नहीं कराने पर इन बसों का पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा।

परिवहन आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फिटनेस फेल बसों से बच्चों का संचालन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि पंजीयन निलंबित या फिटनेस फेल बसों से बच्चों को ले जाते हुए कोई स्कूल पकड़ा जाता है तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक वाराणसी में करीब 2732 स्कूली बसें पंजीकृत हैं। इनमें से 212 बसों का फिटनेस फेल है। विभाग को आशंका है कि फिटनेस फेल होने के बावजूद कुछ बसों का संचालन किया जा रहा है। इसी को देखते हुए अब स्कूलों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

परिवहन विभाग के अधिकारी एक-एक स्कूल का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। स्कूल परिसर में पहुंचकर बसों की स्थिति की जांच की जा रही है। इसके साथ ही बसों के कागजात, फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज भी देखे जा रहे हैं। अधिकारियों की टीम यह भी सुनिश्चित कर रही है कि फिटनेस फेल या निलंबित पंजीयन वाली बसों का इस्तेमाल बच्चों को लाने-ले जाने में तो नहीं किया जा रहा है।