प्रेम जाल में फंसाकर पति से कराया अलग, फिर 20 दिन तक किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। वाराणसी के लक्सा थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युव3क को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि युवक ने पहले युवती को प्रेम जाल में फंसाया, फिर उसे उसके पति से अलग कराया और अपने साथ रखकर लगातार शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया।
जौनपुर में पढ़ाई के दौरान हुई थी पहचान
लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के छतारी गांव निवासी राहुल शिवआसरे सिंह के रूप में हुई है। पीड़िता जौनपुर में अपने रिश्तेदारों के यहां रहकर कक्षा 6 से 12वीं तक पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी राहुल से जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
पढ़ाई पूरी होने के बाद युवती अपने घर लौट आई, जहां परिजनों ने उसकी शादी फूलपुर क्षेत्र में कर दी। वहीं राहुल की भी शादी उसके परिवार वालों ने दूसरी जगह करा दी। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा, जिसे लेकर पहले भी विवाद हुआ था और पंचायत के माध्यम से समझौता कराया गया था।
पति से अलग कर अपने साथ रखा
पीड़िता का आरोप है कि राहुल ने उसे बहला-फुसलाकर पति से अलग होने के लिए मजबूर किया और अपने साथ रहने लगा। पिछले करीब 20 दिनों से दोनों साथ रह रहे थे। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, मारपीट की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने लक्सा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
सोनिया रोड से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लक्सा पुलिस ने दबिश देकर आरोपी राहुल शिवआसरे सिंह को सोनिया रोड से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है और फिलहाल घर पर ही रह रहा था। पूछताछ के दौरान वह खुद को राजनीतिक रसूख वाला बताकर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था।