गोल्डन आवर' में मिलेगा इलाज, हरहुआ PHC में बनेगा मिनी ट्रॉमा सेंटर, CMO ने किया निरीक्षण
वाराणसी। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को "गोल्डन आवर" के भीतर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरहुआ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पर अस्थायी मिनी ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार ने रविवार को स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सीएमओ ने बताया कि शासन स्तर पर स्थायी ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था होने तक हरहुआ PHC में अस्थायी मिनी ट्रॉमा सेंटर संचालित किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल परिसर में उपयुक्त स्थान का चयन कर आवश्यक मरम्मत और आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में ऑक्सीजन सप्लाई, ऑपरेशन थिएटर की मरम्मत, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। साथ ही सेंटर के संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ की भी व्यवस्था की जाएगी।
सीएमओ के अनुसार, मिनी ट्रॉमा सेंटर शुरू होने के बाद रिंग रोड और एयरपोर्ट मार्ग पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को घटनास्थल के नजदीक ही प्राथमिक एवं जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। गंभीर मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों में बेहतर समन्वय के साथ रेफर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर जटिलताओं को कम करने में मदद मिलेगी तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और सुलभ बन सकेंगी।