{"vars":{"id": "130921:5012"}}

असत्य पर हुई सत्य की जीत: बरेका में हुआ 70 फीट रावण के पुतले का दहन, जय श्री राम के जयघोष से गूंजा मैदान

 

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को विजयादशमी का पर्व पारंपरिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। बरेका के खेलकूद स्टेडियम में आयोजित समारोह में रामलीला के भावपूर्ण मंचन के बाद रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भगवान श्रीराम, माता जानकी और भगवान लक्ष्मण की आरती करके किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की कामना की।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की जीत का संदेश देता है। यह त्योहार हमें अहंकार त्यागकर सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

रामलीला के मंचन ने मोहा मन

एस. डी. सिंह के निर्देशन में प्रस्तुत रूपक रामलीला में राम वनगमन, सीता हरण, माता सीता की खोज, लंका दहन और विभीषण की शरणागति जैसे प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया गया। इसके साथ ही अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण और मेघनाद वध, सुलोचना विलाप तथा राम-रावण युद्ध के दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

रामलीला के अंतिम चरण में विभीषण द्वारा रावण की मृत्यु का रहस्य बताए जाने और भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध के साथ मंचन का समापन हुआ। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को रामायण के प्रमुख प्रसंगों से रूबरू कराया।

70 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन

रामलीला के समापन के बाद आकर्षक आतिशबाजी के बीच तीनों पुतलों का दहन किया गया। इनमें रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा था। पुतलों के जलते ही पूरा स्टेडियम जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। रंग-बिरंगी आतिशबाजी और उत्साह से भरे माहौल ने समारोह को यादगार बना दिया।

अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में रहे मौजूद

समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा और महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा विजयादशमी समिति के अध्यक्ष एवं मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, समिति के महामंत्री अनूप सिंह वत्स, कर्मचारी परिषद के नवीन कुमार सिन्हा और सुशील कुमार सिंह सहित बरेका के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक समारोह में शामिल हुए।