वाराणसी रिंग रोड पर दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप और ऑटो की भिड़ंत, दो की मौत
वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित रिंग रोड फेज-1 पर बुधवार शाम करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोइठहां के पास तेज रफ्तार गिट्टी लदा ट्रेलर पहले रॉन्ग साइड से आ रही पिकअप से टकराया और फिर अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इस दौरान सामने से आ रहे एक ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर ऑटो को घसीटते हुए सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरा।
हादसे के दौरान पिकअप की चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। वहीं ऑटो में सवार लोग ट्रेलर के नीचे दब गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर लालपुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार ऑटो में सवार दो लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऑटो ट्रेलर के नीचे बुरी तरह फंसी हुई है, जिसके चलते सभी लोगों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर ऑटो को टक्कर मारते हुए नीचे उतर गया। क्रेन की मदद से ट्रेलर हटाकर ऑटो में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बचाव कार्य पूरा होने के बाद ही हादसे में हताहतों और घायलों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर हरहुआ की ओर से चिरईगांव जा रहा था। इसी दौरान रॉन्ग साइड से आ रही पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी लेन में पहुंचकर ऑटो को कुचलते हुए गड्ढे में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ समय के लिए रिंग रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और ऑटो में सवार लोगों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।