{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार, दो युवकों की मौत, तीन घायल

 

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में वाराणसी-जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुल्हनामऊ गांव के पास नेता ढाबा के सामने हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से आ रही वैगनआर कार अनियंत्रित होकर जा भिड़ी।

हादसे की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी पांच लोगों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने अखिलेश शुक्ला और अंकित शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं शोभित श्रीवास्तव, संदीप मिश्रा और शोभित शुक्ला का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी युवक उन्नाव जिले के आवास विकास कॉलोनी, कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।